रतलाम / सैलाना
जनपद पंचायत सैलाना अंतर्गत ग्राम पंचायत उण्डेर में लंबे समय से अधूरे पड़े पेयजल टंकी एवं टीएस कार्यों को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर बुधवार को सरपंच प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों ने जनपद पंचायत पहुंचकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) रिया गेरा को ज्ञापन सौंपा और जल्द कार्य पूर्ण कराने की मांग उठाई।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम पंचायत उण्डेर में पेयजल टंकी और टीएस से जुड़े निर्माण कार्य लंबे समय से अधर में लटके हुए हैं, जिसके कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में पेयजल संकट गहराने से ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है। जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि कई बार अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
जनप्रतिनिधियों ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत स्तर पर समस्याओं को लेकर आवाज उठाने पर उनके साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया, जिससे जनप्रतिनिधियों में नाराजगी और बढ़ गई है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि केवल उण्डेर पंचायत ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की करीब 47 पंचायतों से भी विभिन्न प्रकार की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, जिनके निराकरण में लापरवाही बरती जा रही है।
जनपद पंचायत सैलाना की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रिया गेरा ने बताया कि ग्राम पंचायत उण्डेर से संबंधित पेयजल टंकी एवं टीएस कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों द्वारा ज्ञापन प्राप्त हुआ है। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग एवं अधिकारियों से जानकारी ली जा रही है। जहां कार्य लंबित हैं, वहां शीघ्र कार्रवाई कर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई अन्य शिकायतों की भी जांच कर उचित निराकरण किया जाएगा।
इस दौरान सरपंच प्रतिनिधि विश्राम निनामा, प्रकाश खराड़ी, मंसूसिंह खराड़ी, परतु खराड़ी, मुकेश खराड़ी, नानालाल हारी तथा जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि चंदू मईडा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
रिपोर्टर : जितेन्द्र कुमावत