|
|
नीमच। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से राजेश व्यास के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिले के सभी पुलिस थानों एवं चौकियों में गुंडों, निगरानीशुदा व्यक्तियों और पूर्व अपराधियों को बुलाकर उनकी थाना परेड कराई गई। दिनांक 24 मई 2026 को आयोजित इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद रोहित राठौर एवं एसडीओपी मनासा निकीता सिंह के मार्गदर्शन में जिलेभर के थानों में कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 108 गुंडों, निगरानीशुदा व्यक्तियों एवं पूर्व अपराधियों की थाना उपस्थिति दर्ज कर उनकी गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही संबंधित व्यक्तियों के डोजियर भरवाकर सत्यापन किया गया। पुलिस अधिकारियों ने सभी संबंधित व्यक्तियों को भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी भी दी। एसपी राजेश व्यास ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने पर दें, ताकि सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज के निर्माण में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। |