रतलाम / जावरा
भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त संगठन उज्जैन की लगातार जारी मुहिम के तहत सोमवार को जावरा में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। लोकायुक्त की टीम ने संकुल केंद्र शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय कमला नेहरू, जावरा में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 (बाबू) अनिल वर्मा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और कार्यालयों में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीनारायण लोट, जो कि शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हाटपिपल्या, ब्लॉक जावरा से सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, उनके सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र एवं पी.पी.ओ. (पेंशन भुगतान आदेश) जारी करवाने के एवज में आरोपी बाबू अनिल वर्मा द्वारा 10 हजार रुपये की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त संगठन उज्जैन ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और सोमवार 9 जून 2026 को ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपी अनिल वर्मा ने रिश्वत की राशि अपने हाथ में लेकर कार्यालय की टेबल की दराज के ऊपर रखे रजिस्टर के नीचे छिपा दी थी, लेकिन लोकायुक्त टीम ने मौके पर ही रकम बरामद कर ली और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
यह पूरी कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त श्री योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त श्री आनंद कुमार यादव के प्रभावी मार्गदर्शन में संपन्न हुई। ट्रैप दल का नेतृत्व डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल ने किया। टीम में निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत तथा आरक्षक उमेश जाटव, श्याम शर्मा, नीरज राठौर और संदीप कदम शामिल रहे।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा-7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
लोकायुक्त संगठन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो उसकी शिकायत मोबाइल नंबर 9425103975 अथवा दूरभाष 0734-2512756 पर की जा सकती है।
जावरा में हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है और रिश्वतखोरों के लिए अब बच निकलना आसान नहीं होगा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत