रतलाम/नामली
रतलाम जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना नामली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के घर से 19 पेटी अवैध शराब जब्त कर उसे गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कुल मात्रा 211.3 बल्क लीटर तथा अनुमानित कीमत 61 हजार 770 रुपये बताई गई है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार एवं एसडीओपी श्री किशोर कुमार पाटनवाला के मार्गदर्शन में थाना नामली पुलिस की टीम को सक्रिय किया गया था।
मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार कोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नामली के पैलेस रोड स्थित मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां से 4 पेटी देशी एवं विदेशी मदिरा तथा 15 पेटी बीयर सहित कुल 19 पेटी अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से यशवन्त सिंह पिता सज्जन सिंह सोलंकी (53 वर्ष), निवासी पैलेस रोड, नामली को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ थाना नामली में अपराध क्रमांक 236/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश कर पीआर प्राप्त किया जाएगा तथा अवैध शराब के स्रोत एवं परिवहन से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन पूछताछ की जाएगी।
पुलिस के अनुसार मामले में आजाद सिंह पिता यशवन्त सिंह सोलंकी, निवासी पैलेस रोड, नामली फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार कोरी, सहायक उपनिरीक्षक हीरालाल चंदन, प्रधान आरक्षक कातिलाल, शैलेष ठकराल, गोपाल खराड़ी, आरक्षक हरिओम, भगवान सिंह, राघवेन्द्र जाट, माखन सिंह, धर्मेन्द्र मईड़ा एवं बुआर सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत