रतलाम / सैलाना। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को सैलाना नगर योगमय वातावरण में रंगा नजर आया। नगर के विभिन्न शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा सामूहिक योग शिविरों का आयोजन कर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। जगह-जगह आयोजित कार्यक्रमों में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए विभिन्न योग आसनों और प्राणायाम का अभ्यास किया।
मुख्य सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन शासकीय सांदीपनी विद्यालय एवं सैलाना हाई सेकेंडरी स्कूल परिसर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के योग दिवस पर प्रसारित संदेश को आकाशवाणी रेडियो के माध्यम से उपस्थितजनों ने सामूहिक रूप से सुना। दोनों नेताओं ने योग को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार बताते हुए इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार, प्राणायाम तथा विभिन्न योग मुद्राओं का अभ्यास किया। योग नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर जीवन में ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार भी करता है।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष कैलाशी चारेल, तहसीलदार कुलभूषण शर्मा, जनपद पंचायत सीईओ रिया गेरा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी जी.आर. दड्रींग, जनजाति विकास मंच के जिला संयोजक मांगीलाल खराड़ी, पूर्व मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र जायसवाल, व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष इंद्रेश चंडालिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
योग दिवस के अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने नियमित योग करने तथा समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। पूरे नगर में योग के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला और कार्यक्रम ने स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत