|
नीमच। शहर के विकास को नई रफ्तार देने वाला वर्ष 2026-27 का ऐतिहासिक बजट बुधवार को पारित हो गया। नगर पालिका परिषद नीमच की पीआईसी बैठक में 273 करोड़ 77 लाख 72 हजार 756 रुपये की आय और 271 करोड़ 88 लाख 65 हजार 301 रुपये के व्यय का अनुमानित बजट सर्वसम्मति से मंजूर किया गया। बजट में 1 करोड़ 89 लाख 7 हजार 455 रुपये की संभावित बचत भी दर्शाई गई है। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा ने की। उन्होंने कहा कि यह बजट नीमच शहर को आधुनिक, सुव्यवस्थित और विकसित शहर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। शहर को मिलेंगी ये सौगातें अत्याधुनिक नवीन नगर पालिका कार्यालय भवन मेडिकल कॉलेज के सामने यू-शेप मार्केट आधुनिक फूड जोन ग्वालटोली के पास नमो पार्क के रूप में आकर्षक पिकनिक स्पॉट शहर के प्रवेश मार्गों पर भव्य स्वागत द्वार दो नई आवासीय एवं व्यावसायिक कॉलोनियों का विकास अध्यक्ष ने बताया कि कॉलोनियों के विकास से नगर पालिका की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे सड़क, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और अन्य आधारभूत सुविधाओं पर अधिक खर्च किया जाएगा। बैठक में राजस्व सभापति श्रीमती वंदना खंडेलवाल सहित पीआईसी सदस्यगण और नगर पालिका अधिकारी उपस्थित रहे। |