|
नीमच शहर में दिनदहाड़े हुई 65 ग्राम सोने की कथित चोरी की वारदात का पुलिस ने चंद घंटों में सनसनीखेज खुलासा कर दिया। जिस मुनीम ने खुद को लूट का शिकार बताया, वही पूरा घटनाक्रम रचकर सोना हड़पने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लगभग 12 लाख रुपये मूल्य का 65 ग्राम सोना बरामद कर लिया है। यह कार्रवाई माननीय पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा चलाए जा रहे चोरी के अपराधों में धरपकड़ अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक नीमच श्री अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नवलसिंह सिसौदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नीमच केंट निरीक्षक नीलेश अवस्थी के नेतृत्व में थाना नीमच केंट एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह सफलता हासिल की। क्या था पूरा मामला? दिनांक 02 मार्च 2026 को फरियादी मनीष पिता बालकिशन सिंहल (उम्र 56 वर्ष), निवासी तिलक मार्ग, नीमच ने थाना नीमच केंट में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी “मंगलम ज्वेलर्स” नाम से सोना-चांदी की दुकान बोहरा गली, नीमच में संचालित है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने यहां कार्यरत मुनीम दिलखुश नागदा को 65 ग्राम सोने का डल्ला टंच कराने स्वास्तिक बुलियन भेजा था। टंच कराने के बाद दिलखुश सोना जेब में रखकर लौट रहा था। रास्ते में डॉक्टर फजल रहमान की गली में अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसकी पैंट की जेब से सोना चोरी कर ले जाने की बात उसने बताई। रिपोर्ट पर थाना नीमच केंट में अपराध क्रमांक 109/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच में आया चौंकाने वाला मोड़ पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल के आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान घटना संदिग्ध प्रतीत होने लगी। मुनीम दिलखुश नागदा को थाना बुलाकर मनोवैज्ञानिक एवं तकनीकी आधार पर पूछताछ की गई। सख्ती और हिकमत अमली से पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने अपने सेठ द्वारा दिए गए सोने का गबन करने के उद्देश्य से झूठी लूट की कहानी रची थी और सोना घटनास्थल के पास छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 65 ग्राम सोना (कीमत लगभग 12 लाख रुपये) विधिवत जब्त कर लिया। जब्त मशरूका 65 ग्राम सोना अनुमानित मूल्य: लगभग 12 लाख रुपये गिरफ्तार आरोपी दिलखुश पिता शांतिलाल नागदा उम्र: 35 वर्ष निवासी: ग्राम विसलवास बामनिया, थाना नीमच सिटी, जिला नीमच महत्वपूर्ण योगदान इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नीमच केंट निरीक्षक नीलेश अवस्थी, उपनिरीक्षक दिवान सिंह, सहायक उपनिरीक्षक शिवलाल कलमी, साइबर सेल प्रभारी प्रदीप शिंदे सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। SSE NEWS NETWORK नीमच पुलिस की त्वरित और सूझबूझ भरी कार्रवाई ने यह साबित कर दिया कि अपराध चाहे कितना भी शातिराना क्यों न हो, कानून के हाथ लंबे होते हैं। |