|
नीमच। इन दिनों सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा शहर में बच्चा चोरी गैंग की झूठी अफवाहें फैलायी जा रही हैं। नीमच पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में इस प्रकार की कोई भी घटना सामने नहीं आई है और न ही कोई ऐसी गैंग सक्रिय है। बच्चा चोरी से संबंधित पोस्ट, संदेश एवं वीडियो पूरी तरह निराधार, भ्रामक और तथ्यहीन हैं। इनका उद्देश्य केवल आमजन में भय और भ्रम फैलाना है। अफवाहों से बचें, कानून हाथ में न लें पुलिस ने आगाह किया है कि कई बार झूठी अफवाहों के कारण निर्दोष लोगों के साथ मारपीट जैसी घटनाएँ हो जाती हैं। यदि किसी व्यक्ति पर संदेह हो तो स्वयं कार्रवाई न करें, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचित करें। सोशल मीडिया पर निगरानी, होगी सख्त कार्रवाई जिले की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल द्वारा विभिन्न प्लेटफॉर्म की निरंतर निगरानी की जा रही है। भ्रामक सामग्री पोस्ट करने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। झूठी खबरें फैलाने वालों के विरुद्ध धारा 163 बीएनएसएस के आदेश उल्लंघन पर धारा 223 बीएनएस के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक की अपील पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि बच्चों एवं नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। झूठी अफवाहें समाज में अनावश्यक दहशत फैलाती हैं और कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनती हैं। किसी भी अपुष्ट या आधारहीन सूचना पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे साझा करें। केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें। संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत सूचना दें किसी भी क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आए तो तुरंत निकटतम पुलिस थाना या पुलिस कंट्रोल रूम नीमच: 07423-228000 / 7049101042 पर सूचना दें। समय पर दी गई जानकारी किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोकने में सहायक सिद्ध हो सकती है। अफवाह नहीं, सतर्कता अपनाएं — सुरक्षित समाज बनाएं। |