रतलाम
जिले के किसानों के लिए रबी विपणन वर्ष 2025-26 के तहत ई-उपार्जन पोर्टल पर चना, मसूर और सरसों फसलों का पंजीयन जारी है। उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास जिला रतलाम श्रीमती नीलम सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि किसान इन फसलों का पंजीयन कराकर शासन की योजनाओं का लाभ ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि चना एवं मसूर फसल के पंजीयन की अंतिम तिथि 16 मार्च निर्धारित की गई है, जबकि सरसों फसल का पंजीयन भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत 26 फरवरी से 20 मार्च तक किया जा रहा है। किसान भाई निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना पंजीयन अवश्य कराएं।
पंजीयन की सुविधा ग्राम पंचायत एवं जनपद पंचायत में स्थापित सुविधा केंद्रों, तहसील कार्यालयों के पंजीयन केंद्रों, सहकारी समितियों तथा सहकारी विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित केंद्रों पर उपलब्ध है। इसके अलावा किसान एमपी किसान एप के माध्यम से भी निःशुल्क पंजीयन करा सकते हैं।
जिले में चना और मसूर फसल के पंजीयन के लिए कुल 64 पंजीयन केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां कार्यालयीन समय में किसान अपना पंजीयन करा सकते हैं।
उप संचालक ने बताया कि जिन किसानों ने पिछले वर्ष पंजीयन कराया था और उनके आधार नंबर, बैंक खाते या मोबाइल नंबर में कोई बदलाव हुआ है, उन्हें संबंधित दस्तावेजों के साथ पंजीयन केंद्र पर उपस्थित होना होगा। वहीं जिन किसानों ने पिछले रबी या खरीफ सीजन में पंजीयन नहीं कराया था और जिनका डाटाबेस ई-उपार्जन पोर्टल पर उपलब्ध नहीं है, उन्हें आधार नंबर, बैंक खाता, मोबाइल नंबर, भू-अभिलेख तथा निर्धारित प्रारूप में आवेदन पंजीयन केंद्र पर प्रस्तुत करना होगा।
कृषि विभाग ने सभी किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर चना, मसूर और सरसों फसलों का पंजीयन कराकर शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं।