|
|
जावी। नीमच जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर कमल सरोवर की नगरी जावी स्थित जावी–सरवानिया महाराज मार्ग पर बने दीन-दुखियों के आस्था केंद्र श्री गुर्जरखेड़ा धाम में इस वर्ष भी चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर भव्य आयोजन किया जाएगा। महानवमी के दिन 27 मार्च, शुक्रवार को प्रातः 11 बजे से धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी, जिसके तहत दोपहर 12:15 बजे पाती विसर्जन एवं छमाही भविष्यवाणी का आयोजन होगा। मंदिर प्रबंध समिति एवं सेवादार समिति के अनुसार, सुबह से ही मंदिर में स्थापित देवताओं का आकर्षक श्रृंगार, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन, हवन, कन्या पूजन और महाआरती जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे। इसके पश्चात पंडित घनश्याम लौहार के माध्यम से श्री गुर्जरखेड़ा सरकार का आवाहन किया जाएगा। देव आह्वान के बाद मंदिर की परिक्रमा करते हुए जलकुंभ में पाती विसर्जन किया जाएगा। इसी क्रम में पंडित घनश्याम लौहार के मुख से श्री गुर्जरखेड़ा सरकार द्वारा छमाही भविष्यवाणी की जाएगी। इस भविष्यवाणी में आगामी छह माह के दौरान संभावित घटनाओं, दुर्घटनाओं, व्यापार-व्यवसाय, कृषि, मौसम, वर्षा सहित जनजीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर संकेत दिए जाएंगे, जिसे सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। उक्त जानकारी मंदिर संरक्षक एवं प्रवक्ता दिलीप पाटीदार, जावी द्वारा दी गई। |