रतलाम / जावरा
विश्व हिंदू परिषद दुर्गा वाहिनी उज्जैन संभागीय शौर्य प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ जावरा में उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के वातावरण के बीच हुआ। उद्घाटन सत्र में बड़ी संख्या में मातृशक्ति और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में मुख्य मार्गदर्शन देने पहुंचीं विश्व हिंदू परिषद मातृशक्ति की राष्ट्रीय सह संयोजिका माननीय सरोज सोनी दीदी ने युवतियों और महिलाओं को आत्मरक्षा, संस्कार और संगठन की शक्ति का महत्व बताया।
उद्घाटन सत्र में मंचासीन अतिथियों में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत अध्यक्ष मुकेश जैन, प्रांत मंत्री विनोद शर्मा तथा दुर्गा वाहिनी प्रांत संयोजिका ज्योति प्रिया शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने समाज में बढ़ती चुनौतियों के बीच युवतियों को सशक्त बनने का आह्वान किया।
सरोज सोनी दीदी ने अपने संबोधन में कहा कि विश्व हिंदू परिषद केवल धार्मिक संगठन नहीं, बल्कि समाज में सेवा, संस्कार और सुरक्षा का भाव जागृत करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मातृशक्ति का जागरूक और आत्मनिर्भर होना अत्यंत आवश्यक है। बदलते दौर में केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि आत्मरक्षा के कौशल भी हर बेटी और महिला के लिए जरूरी हैं।
उन्होंने कहा कि दुर्गा वाहिनी का यह शौर्य प्रशिक्षण वर्ग युवतियों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए विशेष रूप से आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आत्मरक्षा के गुर, अनुशासन, संगठनात्मक कार्यप्रणाली और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का पाठ पढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आज समाज में विभिन्न प्रकार की चुनौतियां सामने हैं, ऐसे में हर व्यक्ति को सजग रहकर स्वयं, परिवार और समाज की सुरक्षा के लिए सक्षम बनना होगा। शौर्य प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से युवतियों में आत्मविश्वास, साहस और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित की जा रही है।
जावरा में आयोजित इस संभागीय प्रशिक्षण वर्ग ने क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार किया है। बड़ी संख्या में बहनों की सहभागिता से कार्यक्रम प्रेरणादायी और उत्साहपूर्ण रहा।
रिपोर्टर जितेंद्र कुमावत