|
|
नीमच । जिले में यातायात व्यवस्था को मजबूत करने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। माननीय कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में मिले निर्देशों के बाद पुलिस ने ब्लैक फिल्म लगाने वाले कार डेकोर और रेडियम दुकान मालिकों पर नकेल कसी है। पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नवल सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में 18.05.2026 को यातायात थाने में दुकान मालिकों की बैठक बुलाई गई। बैठक में सभी कार डेकोर और रेडियम दुकान मालिकों को सूचना पत्र तामिल कराकर बुलाया गया और स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी चार पहिया वाहन पर काली फिल्म लगाना गैर-कानूनी है। पुलिस ने चेतावनी दी कि नियम तोड़ने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपस्थित सभी दुकान मालिकों को समझाइश देकर भविष्य में ब्लैक फिल्म न लगाने की हिदायत दी गई। पुलिस की अपील यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने चार पहिया वाहनों पर ब्लैक फिल्म न लगाएं, वाहन के दस्तावेज पूरे रखें और यातायात नियमों का पालन करें। “आपका सहयोग ही हमारा प्रयास है” संदेश के साथ पुलिस ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। |