रतलाम / सैलाना
रतलाम जिला प्रशासन द्वारा राजस्व कार्यों में पारदर्शिता और त्वरित सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए तहसील सैलाना में “सुलभ सुशासन दिवस” के तहत किसानों को बड़ी राहत प्रदान की गई। जिला कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देशों के पालन में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तरुण जैन के मार्गदर्शन एवं तहसीलदार कुलभूषण शर्मा के नेतृत्व में 17 नामांतरण हितग्राहियों को आदेश अमल के तुरंत बाद उनकी अद्यतन खसरा नकल वितरित की गई।
यह विशेष अभियान तहसील सैलाना एवं टप्पा शिवगढ़ क्षेत्र के किसानों के लिए आयोजित किया गया, जहां राजस्व विभाग के अधिकारियों ने मौके पर ही नामांतरण की प्रक्रिया पूर्ण कर किसानों को जरूरी दस्तावेज सौंपे। इस व्यवस्था से किसानों को बार-बार तहसील कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिली और समय व आर्थिक खर्च दोनों की बचत हुई।
जिला कलेक्टर मिशा सिंह ने जिले के सभी तहसीलदारों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नामांतरण अथवा बंटवारे के मामलों में आदेश पारित होने के साथ ही संबंधित हितग्राहियों को अद्यतन खसरा नकल तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि राजस्व सेवाओं में पारदर्शिता और सुगमता सुनिश्चित हो सके। प्रशासन की इस पहल को ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि तहसील सैलाना में जनवरी 2026 से प्रत्येक बुधवार को “सुलभ सुशासन दिवस” आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान आम नागरिकों एवं किसानों की राजस्व संबंधी समस्याओं का मौके पर त्वरित निराकरण किया जाता है। कार्यक्रम में टप्पा तहसीलदार शिवगढ़ रामकलेश साकेत सहित राजस्व विभाग का पूरा अमला मौजूद रहा।
किसानों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यदि इसी प्रकार पारदर्शी और त्वरित व्यवस्था जारी रही तो ग्रामीणों का शासन-प्रशासन पर विश्वास और मजबूत होगा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत