|
|
भीलवाड़ा । अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान (ABRSM) विद्यालय शिक्षा द्वारा शिक्षकों की विभिन्न मांगों को लेकर चलाए जा रहे प्रांतव्यापी आंदोलन को बड़ी सफलता मिली है। शिक्षा मंत्री से हुई सकारात्मक वार्ता के बाद संगठन ने अपने आगामी आंदोलन को स्थगित करने की घोषणा कर दी है। जिला अध्यक्ष सुरेश चंद्र बड़वा एवं जिला मंत्री ईश्वर सिंह चौधरी ने बताया कि 29 मई को प्रस्तावित जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन के बढ़ते दबाव के बीच शुक्रवार देर रात शिक्षा मंत्री ने संगठन के प्रतिनिधिमंडल को अपने निवास पर चर्चा के लिए आमंत्रित किया। प्रदेश अध्यक्ष रमेश पुष्करणा के नेतृत्व में पहुंचे शिष्टमंडल और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के बीच छात्र एवं शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रदेश महामंत्री महेन्द्र लखारा ने बताया कि वार्ता में नए शैक्षणिक सत्र को 21 जून के बजाय 29 जून से प्रारंभ करने तथा संस्था प्रधानों के अधिकृत अवकाश में की गई कटौती को वापस लेकर पूर्व की भांति 2 दिवस रखने पर सैद्धांतिक सहमति बनी है। इन निर्णयों के आदेश शीघ्र जारी किए जाने की बात कही गई है। बैठक में तृतीय वेतन श्रृंखला के शिक्षकों के तबादलों को लेकर भी चर्चा हुई। शिक्षा मंत्री ने इस विषय पर मुख्यमंत्री से विशेष अनुरोध करने का आश्वासन दिया। वहीं शिक्षकों की पदोन्नति से जुड़े मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के लिए विभागीय अधिकारियों एवं अतिरिक्त महाधिवक्ता को तत्काल निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त क्रमोन्नत विद्यालयों में पदों की वित्तीय स्वीकृति, तृतीय श्रेणी शिक्षकों एवं प्रबोधकों की वेतन विसंगति दूर करने तथा गैर-शैक्षणिक कार्यों में शिक्षकों की अनावश्यक ड्यूटी कम करने को लेकर भी सकारात्मक पहल का भरोसा दिया गया। संघर्ष समिति संयोजक सम्पत सिंह ने इसे शिक्षकों के संघर्ष की जीत बताते हुए कहा कि संगठन की अधिकांश मांगों पर सरकार ने सैद्धांतिक सहमति दी है। विभाग के सकारात्मक रुख को देखते हुए आगामी आंदोलन के चरणों को स्थगित किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष रमेश पुष्करणा ने बताया कि मांग पत्र में शामिल अन्य प्रशासनिक मुद्दों के समाधान के लिए भी शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को शीघ्र वार्ता के निर्देश दिए हैं। इस महत्वपूर्ण वार्ता में प्रदेश महामंत्री महेन्द्र कुमार लखारा, संघर्ष समिति संयोजक सम्पत सिंह, प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री बसंत जिंदल, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष रवि आचार्य तथा प्रदेश उपाध्यक्ष अभय सिंह राठौड़ भी उपस्थित रहे। रिपोर्ट : राजकुमार गोयल |