|
|
टोंक जिले में गुरुवार दोपहर एक बड़ी घटना सामने आई, जब जयपुर-कोटा नेशनल हाईवे-52 पर बैंक की कैश वैन अचानक आग की चपेट में आ गई। वैन में तीन बक्सों में करीब 5 करोड़ रुपए नकद रखे थे, जिन्हें कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यह कैश वैन जयपुर से भीलवाड़ा जा रही थी। घटना निवाई में 80 फीट रोड के पास ओवरब्रिज पर दोपहर करीब 1 बजे हुई। सफर के दौरान अचानक वैन के बोनट से धुआं उठता दिखा। ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी रोकी और जैसे ही बोनट खोला, आग की तेज लपटें बाहर निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वैन के चारों टायर, सीटें और प्लास्टिक बॉडी पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम ने करीब 25 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। राहत की बात: समय रहते कैश सुरक्षित निकाल लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। रिपोर्ट: वसीम अली |