|
|
भीलवाड़ा : राजस्थान सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव (उद्योग) एवं राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) के अध्यक्ष शिखर अग्रवाल (आईएएस) ने शुक्रवार को संगम समूह के विभिन्न शैक्षणिक एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों का दौरा किया।अपने भ्रमण के दौरान श्री अग्रवाल ने संगम स्कूल, संगम विश्वविद्यालय, संगम इंडस्ट्रीज की सीमलेस यूनिट, वीविंग यूनिट तथा संगम हाउस का अवलोकन किया। उन्होंने संस्थानों की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक गतिविधियों, औद्योगिक उत्पादन प्रक्रियाओं तथा आधुनिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।इस अवसर पर संगम समूह के वाइस चेयरमैन डॉ एस एन मोदनी ने उन्हें समूह की उपलब्धियों, नवाचारों एवं शिक्षा तथा उद्योग क्षेत्र में किए जा रहे महत्वपूर्ण योगदान से अवगत कराया। अग्रवाल ने समूह द्वारा शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार सृजन एवं औद्योगिक प्रगति के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा भविष्य में निरंतर विकास एवं उत्कृष्टता के लिए शुभकामनाएं दीं।संगम समूह प्रबंधन ने शिखर अग्रवाल का स्वागत करते हुए उनके मार्गदर्शन, प्रेरणादायक विचारों एवं बहुमूल्य सुझावों के लिए आभार व्यक्त किया। पीआरओ राजकुमार जैन ने बताया कि इस अवसर पर जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक के के मीणा, संगम समूह के अनिल शर्मा, विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. करूणेश सक्सेना, कुलसचिव डॉ. आलोक कुमार, तमल कांति सारंगी, सचिन गुप्ता, पी. एस. बरार सहित समूह के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। रिपोर्ट : राजकुमार जी गोयल |