|
|
सिंगरौली। जिले के सरई क्षेत्र अंतर्गत गजराबहरा गांव में भूमि सीमांकन को लेकर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक ग्रामीण सीमांकन प्रक्रिया का विरोध करते हुए महुआ के पेड़ पर चढ़ गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, मान सिंह पिता दिलीप सिंह भूमि सीमांकन की कार्रवाई से असंतुष्ट थे। उनका आरोप है कि अपनी समस्या को लेकर उन्होंने कई बार पटवारी, राजस्व निरीक्षक (आरई) और तहसीलदार कार्यालय के चक्कर लगाए, लेकिन उनकी शिकायत का संतोषजनक समाधान नहीं हुआ। इसी से नाराज़ होकर उन्होंने सीमांकन के दौरान गांव में स्थित एक महुआ के पेड़ पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सीमांकन कार्य के दौरान मान सिंह ने अधिकारियों के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई, लेकिन जब उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो उन्होंने विरोध स्वरूप यह कदम उठा लिया। ग्रामीण का आरोप है कि सीमांकन प्रक्रिया में निष्पक्षता नहीं बरती जा रही है और उसकी भूमि से जुड़े मामले में गलत कार्रवाई की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में भूमि सीमांकन को लेकर विवाद लगातार सामने आ रहे हैं। उनका आरोप है कि राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली और सीमांकन प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की कमी के कारण ग्रामीणों के बीच विवाद बढ़ रहे हैं। कई मामलों में लोग न्याय की मांग को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की ओर से तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित पक्षों को न्याय दिलाने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अब ग्रामीणों की नजर इस बात पर टिकी है कि राजस्व विभाग और जिला प्रशासन इस विवाद का समाधान किस तरह करते हैं। रिपोर्ट : अर्पित हरदेनिया |