रतलाम/पिपलोदा। रतलाम जिले के पिपलोदा थाना क्षेत्र के ग्राम हतनारा में गुरुवार देर रात मोहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। ताजिया निकालते समय वह कथित रूप से हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे अचानक तेज करंट फैल गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद रतलाम के जिला अस्पताल और जीएमसी अस्पताल रेफर किया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में राशिद पिता वाहिद खान (32 वर्ष), अरबाज पिता यूसुफ (22 वर्ष) और सद्दू पिता रईस (30 वर्ष) शामिल हैं।
वहीं घायलों में इरफान पिता रुस्तम (जीएमसी), अमजद पिता राशिद खान (जिला अस्पताल), अत्यार खान पिता बाबू खान (38), सकील पिता अमित मंसूरी (30), रहीम पिता आजाद खान (26), अनस पिता अकरम खान (17), मोहिन पिता इशाख खान (35) तथा इब्राहिम पिता मोहम्मद खान (22), जिन्हें रतलाम अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, शामिल हैं। चिकित्सकों की टीम सभी घायलों का इलाज कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय, पिपलोदा तहसीलदार देवेंद्र कुमार दानगढ़, थाना प्रभारी रमेश कोली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। देर रात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल भी हतनारा गांव पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेकर अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
हादसे के बाद गांव में मातम और अफरा-तफरी का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने घायलों को तत्काल बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि जुलूस के दौरान ताजिया हाईटेंशन लाइन के अत्यधिक नजदीक पहुंच गया, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
यह हादसा धार्मिक आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं और बिजली लाइनों के आसपास बरती जाने वाली सावधानियों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। प्रशासन ने फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों और मृतकों की संख्या में आधिकारिक पुष्टि के बाद बदलाव संभव है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत