मंदसौर। दलौदा थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए स्मैक एवं डोडाचूरा की तस्करी कर रहे पति-पत्नी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख 6 हजार रुपये कीमत की 30 ग्राम स्मैक और 3.100 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल तथा एसडीओपी मंदसौर सुश्री कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रवींद्र प्रताप डांगी एवं उनकी टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई को थाना दलौदा में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक कैलाश बघेल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर दलौदा-धुंधड़का रोड से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने श्मशान घाट के पास घेराबंदी कर सघन जांच शुरू की। कुछ ही देर में एक नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी संदिग्ध अवस्था में आती दिखाई दी, जिस पर एक पुरुष और एक महिला सवार थे तथा उनके हाथ में एक झोला था।
पुलिस ने वाहन रोककर पूछताछ की तो पुरुष ने अपना नाम शिवा उर्फ शिवनारायण पिता बसंतीलाल बलाई 34 वर्ष तथा महिला ने अपना नाम नीलू पति शिवा उर्फ शिवनारायण बलाई 31 वर्ष निवासी अंबिका नगर, दलौदा बताया। तलाशी लेने पर झोले से 30 ग्राम अवैध स्मैक, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये, तथा 3.100 किलोग्राम डोडाचूरा, जिसकी कीमत लगभग 6 हजार रुपये आंकी गई, बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से एक्टिवा स्कूटी क्रमांक MP ZH 6438 और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 255/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 एवं 15 में प्रकरण दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। जावरा जिला रतलाम में इनके खिलाफ अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के मामले दर्ज हैं। वहीं मुख्य आरोपी शिवा उर्फ शिवनारायण पर थाना भावगढ़ में अवैध शराब तस्करी और मारपीट के प्रकरण भी दर्ज पाए गए हैं।
पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है।