|
|
-- सीएमओ श्रीमती बामनिया ने अनेक क्षेत्रों मैं किया सफाई व्यवस्था का निरीक्षण - सफाई व्यवस्था सुधारने के दिये निर्देश नीमच। शहर की सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए लगातार प्रयासरत नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया ने सोमवार 13 जुलाई को स्वास्थ्य अधिकारी के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा स्वच्छता पर्यवेक्षकों ( दरोगा) को अपने-अपने क्षेत्र में पर्याप्त सफाई व्यवस्था रखने, समय पर कचरा उठवाने एवं नाले व नालियों की सफाई करवाने के निर्देश दिए। श्रीमती बामनिया ने कहा कि जिस भी क्षेत्र में गंदगी पाई गई तो उस क्षेत्र के कर्मचारियों के साथ ही स्वच्छता पर्यवेक्षक (दरोगा) के खिलाफ भी कार्यवाही की जावेगी। श्रीमती बामनिया ने स्वास्थ्य अधिकारी व स्वच्छता निरीक्षकों को भी प्रतिदिन क्षेत्र में भ्रमण कर सफाई कार्य की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। श्रीमती बामनिया ने सोमवार को प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी श्री दिनेश टांक के साथ सीआरपी रोड से फव्वारा चौक, शिवाजी सर्कल, अंबेडकर रोड, महेश सर्कल, सब्जी मंडी, फ्रूट मंडी आदि क्षेत्र में पहुंचकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा गंदगी पाई जाने पर मौके पर ही स्वच्छता पर्यवेक्षक व स्वच्छता निरीक्षक को बुलवाकर पर्याप्त साफ-सफाई करवाने व निर्धारित कचरा पॉइंट के अतिरिक्त कहीं भी कचरे का ढेर नही लगवाने तथा कचरा पॉइंट से कचरा समय पर उठवाने के साथ ही नाले व नालियों की सफाई करवा कर बारिश के पानी की निकासी का उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता निरीक्षक श्री भारत सिंह भारद्वाज व श्री अविनाश घेघट को भी मौके पर बुलवाकर आवश्यक निर्देश दिए। |