|
|
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का तत्परता पूर्वक समय-सीमा में निराकरण करें-अपर कलेक्टर डॉ. श्रीवास्तव आगर मालवा : कलेक्टर कार्यालय आगर में एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने एवं सीईओ जिला पंचायत श्री बीएस सोलंकी ने जनसुनवाई कर आवेदकों की समस्याएं सुनी और उनका तत्परता पूर्वक समय सीमा में सकारात्मक निराकरण करने के निर्देश सभी जिला अधिकारियों को दिए । एडीएम ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों का समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए । जनसुनवाई में आगर की रूबी बाई ने रुकी हुई पेंशन राशि दिलाने एवं रोझानी बड़ोद की कैलाश बाई ने सीमांकन के बाद भी अन्य लोगों द्वारा कब्जा कर फसल नष्ट करने पर कार्रवाई करने, काशीबर्डिया के पूरनराम ने रास्ता खुलवाने से संबंधित आवेदन दिया, जिस पर कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए गए । इसी तरह श्रीपतपूरा के सीताराम, सुसनेर के अफजल खान, आंबादेव के नारायण लाल, अरनिया के किशन लाल, सालिया खेड़ी के रामस्वरूप,सुसनेर के रमेश चंद्र, आक्या के जमुना बाई गोकुल ने भी अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जनसुनवाई में एडीएम डॉ.शालिनी श्रीवास्तव एवं जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी को प्रस्तुत किये है, जिस पर कार्रवाई कर निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए । इस मौके पर एसडीएम श्री मिलिंद ढोके, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती अर्पिता राय, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजीव गुप्ता सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे। |