रतलाम। मालवा अंचल में समाजसेवा, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण को नई दिशा देने के उद्देश्य से आदर्श पुरुष महिला एवं बाल बालिका कल्याण संस्था का गठन किया गया है। संस्था आगामी अगस्त माह से विधिवत जनसेवा कार्यों का शुभारंभ करेगी।
संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद, पीड़ित एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक सहायता पहुंचाते हुए उन्हें शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ दिलाना तथा समाज में सेवा और सहयोग की मजबूत संस्कृति विकसित करना है।
संस्था की गठन बैठक में सर्वसम्मति से पंडित प्रदीप जोशी को संस्था का संयोजक, पंडित ओमप्रकाश ओझा को अध्यक्ष तथा हेमंत राठोड़ को मुख्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। पदाधिकारियों ने संस्था को सामाजिक सरोकारों का सशक्त मंच बनाकर जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
संस्था विशेष रूप से शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत आर्थिक एवं शैक्षणिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री, मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराने के लिए अभियान चलाएगी। इसके साथ ही पीड़ित पुरुषों, महिलाओं एवं जरूरतमंद परिवारों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने, उन्हें उचित मार्गदर्शन देने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में भी सक्रिय भूमिका निभाई जाएगी।
इसके अलावा संस्था पर्यावरण संरक्षण, व्यापक वृक्षारोपण अभियान, यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता, सामाजिक समरसता, रक्तदान, स्वच्छता अभियान तथा अन्य जनहितकारी सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेगी।
संस्था से वर्तमान में पंडित ओमप्रकाश ओझा, पंडित प्रदीप जोशी, निलेश राठोड़, हेमंत राठोड़, राहुल मकवाना, गोपाल शर्मा (भजन गायक), राधेश्याम कसेरा, संजय पांचाल, दीपक, चंद्रप्रकाश, कन्हैयालाल बोड़ाना, बसंतीलाल पाटीदार, सत्यनारायण पांचाल सहित अनेक समाजसेवी एवं युवा कार्यकर्ता जुड़ चुके हैं।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन के नियमानुसार संस्था के पंजीयन की प्रक्रिया जारी है, जिसके पूर्ण होते ही प्रदेशभर में समाजहित और लोककल्याण से जुड़े विभिन्न सेवा कार्यों को व्यापक स्तर पर गति प्रदान की जाएगी।
संस्था के गठन को रतलाम जिले में सामाजिक सहभागिता और जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। पदाधिकारियों ने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान से जुड़कर सेवा, सहयोग और मानव कल्याण के इस मिशन को सफल बनाने की अपील की है।
रिपोर्ट ईश्वर टांक
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत