जिला आगर मालवा से मुकेश बीजापारी की रिपोर्ट
आगर-मालवा, 13 अगस्त 2026। आगर-मालवा जिले में ’विधायक श्री मधु गेहलोत के आह्वान पर आयोजित ‘51000 कलश यात्रा‘ में आज जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस भव्य कलश यात्रा में हजारों लाडली बहनों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास‘ की भावना के साथ यदि हम आगे बढ़ेंगे तो निश्चित रूप से बाबा महाकाल एवं बाबा बैजनाथ का आशीर्वाद’ हमें अवश्य मिलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, शिक्षा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। लाडली बहना योजना की राशि भी बहनों को शीघ्र ही प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक उत्सव और इस तरह के आयोजन हमारी सनातन संस्कृति को जागृत करने का सशक्त माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ 2028 में उज्जैन आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए आगर एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में विकसित होगा। प्रदेश और जिले के विकास के लिए सरकार तेजी से काम कर रही है। ’सड़क, बिजली और पानी की पर्याप्त उपलब्धता के कारण आगर के किसान आज उन्नत खेती कर रहे हैं। विकास के मामले में भी आगर जिला प्रदेश में नंबर वन बनकर उभरा है।
आगर को नम्बर-वन क्षैत्र बनाएंगे- श्री गेहलोत
विधायक श्री मधु गेहलोत ने अपने उद्बोधन में कहा कि चार माह बाद निर्धन कन्याओं का आगर में निःशुल्क सामुहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधायक वेतन से आगर विधानसभा क्षेत्र में 23 निर्धन परिवारों को मकान बनाकर उपलब्ध करवाएं गए है। क्षैत्र के विभिन्न गांवों में सामाजिक कार्याें के लिये टीनशेड भी बनाएं है। विधायक ने कहा कि आगर क्षेत्र को विकास के मामले में नम्बर-1 बनाने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा हैं। उन्होंने कलश यात्रा में एक आव्हान पर बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता उनका धन्यवाद भी ज्ञापित किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मुन्नाबाई चौहान, जिलाध्यक्ष श्री ओम मालवीय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस मौके पर जनप्रतिनिधि श्री भैरूसिंह चौहान, श्री जितेन्द्र सिंह, श्री गोविन्द सिंह बरखेड़ी, श्री चिन्तामण राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण,पुलिस और प्रशासन के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जन एवं महिलाएं उपस्थित थी ।