![]() ![]()
|
आगर-मालवा : मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने ग्राम गंगापुर स्थित शासकीय हाई स्कूल का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कक्षाओं में पहुंचे और छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय में छात्राओं के लिए अलग से शौचालय सुविधा, पाठ्यपुस्तक वितरण, गणवेश वितरण एवं निशुल्क साइकिल वितरण की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं से पढ़ाई-लिखाई और भविष्य के लक्ष्य के बारे में भी पूछा। उन्होंने बच्चों को निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति के लिए मन लगाकर पढ़ाई करने एवं बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने शिक्षकों की नियमित उपस्थिति अध्यापन कार्य, पाठ्यक्रम अनुसार अध्यापन आदि के बारे में भी जानकारी। उन्होंने शिक्षकों को समय से पाठ्यक्रम पूरा करवाने और विद्यार्थियों की करियर काउंसलिंग करवाने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप सोनी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बी.एस. सोलंकी, अपर जिला दंडाधिकारी डॉ. शालिनी श्रीवास्तव सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर डॉ. मीना ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और शालाओं में दी जा रही सुविधाओं का जमीनी स्तर पर सत्यापन करना है। |