रतलाम। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर रतलाम विकास प्राधिकरण कार्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रध्वज को सलामी देने के बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता अखंडता एवं विकास के संकल्प को दोहराया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल ने कहा कि मध्य प्रदेश तेजी से देश के औद्योगिक हब के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। राज्य शासन द्वारा उद्योगपतियों और निवेशकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं सहूलियतों के चलते बड़ी संख्या में उद्योगपति प्रदेश में औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के लिए आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में औद्योगिकीकरण की यह रफ्तार न केवल नए रोजगार के अवसर पैदा करेगी बल्कि आर्थिक विकास के साथ अधोसंरचना को भी मजबूती प्रदान करेगी।
श्री पोरवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और एमएसएमई मंत्री श्री चैतन्य काश्यप के नेतृत्व में प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई दिशा और नई ऊंचाइयां मिल रही हैं। औद्योगिक निवेश बढ़ने से युवाओं को रोजगार मिलेगा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की आवासहीन परिवारों को स्वयं की छत उपलब्ध कराने की योजनाओं में रतलाम विकास प्राधिकरण भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्राधिकरण द्वारा जरूरतमंद लोगों के लिए आवास उपलब्ध कराने की दिशा में शीघ्र ही योजनाएं प्रारंभ की जाएंगी। हमारा प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को अपने स्वयं के आवास का सपना साकार करने का अवसर मिले।
समारोह में सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को भी सम्मानित किया गया। क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती स्मिता राजेश माहेश्वरी, श्रीमती हिना उत्सव मेहता एवं पूर्व क्षेत्रीय पार्षद श्री राजेंद्र सिंह पवार को अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्षद्वय श्री गोविंद काकानी एवं श्री प्रवीण सोनी तथा संचालक मंडल के सदस्यों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। प्राधिकरणकर्मी श्री राजेश उपाध्याय को भी अध्यक्ष श्री पोरवाल ने दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती संगीत महाविद्यालय, रतलाम की प्रधानाचार्या श्रीमती तोशी शर्मा तथा विद्यार्थी मानसी बाहेती, जानवी बाहेती, ओजस्व पाठक एवं नीरज शर्मा द्वारा प्रस्तुत सुमधुर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ से हुई। उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए अतिथियों ने विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह में पूर्व महापौर श्री शैलेंद्र डागा, नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, जिला महामंत्री श्री जयवंत कोठारी, श्री हरीश सुरौलिया, एल्डरमैन श्री राकेश परमार, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री बजरंग पुरोहित, मंडल अध्यक्ष श्रीमती सोना शर्मा सहित पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में रतलाम विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संजय कुमार शर्मा ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने राष्ट्रभक्ति के साथ प्रदेश के विकास और जनकल्याण के संकल्प को भी मजबूती प्रदान की।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत