![]() ![]() ![]() ![]()
|
आगर-मालवा। जिला मुख्यालय आगर में श्रावण मास के चतुर्थ सोमवार, 24 अगस्त को आयोजित होने वाली बाबा बैजनाथ महादेव की भव्य शाही सवारी की तैयारियों को लेकर बुधवार शाम कलेक्टर सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने की। बैठक में विधायक माधव सिंह मधु गहलोत, पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि भैरू सिंह चौहान, अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र बोयत, एसडीएम मिलिंद ढोके, मंदिर पुजारी मुकेश पुरी, एसडीओपी मोतीलाल कुशवाहा सहित झांकियों, अखाड़ों और शाही सवारी में शामिल होने वाले आयोजक उपस्थित रहे। बैठक के प्रारंभ में एसडीएम मिलिंद ढोके ने शाही सवारी के निर्धारित रूट की जानकारी दी। उन्होंने पालकी, झांकियों, अखाड़ों और बैंड के क्रम तथा सवारी में शामिल होने के स्थानों की जानकारी देते हुए सभी आयोजकों से निर्धारित मार्ग, क्रम और समय का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने बताया कि शाही सवारी में शामिल होने वाली सभी झांकियों को टोकन और फ्लेक्स उपलब्ध करवाए जाएंगे। कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने कहा कि शाही सवारी के दौरान शहर में निर्धारित मार्ग और प्रमुख स्थानों पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित रूट पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं दर्शन की व्यवस्था, पार्किंग स्थल पर प्रवेश, रूट डायवर्जन और स्टॉपेज, वैकल्पिक मार्ग, सवारी मार्ग पर पेयजल एवं साफ-सफाई तथा यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं का समुचित प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में विधायक माधव सिंह मधु गहलोत सहित अन्य उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं आयोजकों ने भी शाही सवारी के सफल आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। |