रतलाम / सैलाना (सरवन)। शक्कर, चाय, खाद्य तेल सहित रोजमर्रा की आवश्यक खाद्य सामग्रियों के लगातार बढ़ते दामों के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को सरवन में जोरदार आवाज बुलंद की। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बड़ी सरवन के अध्यक्ष छगन भगोरा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल के नाम ज्ञापन थाना प्रभारी सरवन अर्जुन सिंह सेमलिया को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि आवश्यक खाद्य सामग्रियों की कीमतों में लगातार हो रही बेतहाशा वृद्धि से आम आदमी की रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। विशेषकर मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों को रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने शासन-प्रशासन से खाद्य सामग्री के दामों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने, जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाने तथा आमजन को उचित मूल्य पर आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने की मांग की।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष छगन भगोरा ने कहा कि महंगाई का सीधा असर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की रसोई पर पड़ रहा है। सरकार को आम जनता की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीवनलाल मईड़ा, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण मईड़ा, पूर्व सरपंच वासुदेव खराड़ी, कमलेश खराड़ी, वजेसिंह खराड़ी, सूरज निनामा, रामलाल निनामा, परशराम दामा, केसर सिंह डामर, सुखलाल डोडिया, मोतीलाल निनामा, लक्ष्मण खराड़ी, जीवन सिंगाड़, शामलाल सिंगाड़, वागा मईड़ा, फतेह सिंह राठौर, कनीराम निनामा, शंभू सिंह मईड़ा, सूरज मईड़ा, पप्पू सिंह डोडिया, विजय खराड़ी, छोगालाल खराड़ी सहित कांग्रेस के पंचायत अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से मांग की कि बढ़ती महंगाई पर तत्काल अंकुश लगाकर आम जनता को राहत दी जाए।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत