|
आगर-मालवा। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, भोपाल के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय आगर में विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत कबड्डी खिलाड़ियों के बीच मैत्री मैच आयोजित किया गया। मैच में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे का परिचय दिया। वहीं हॉकी खिलाड़ियों को खेल सामग्री (किट) वितरित कर उन्हें नियमित अभ्यास करने तथा खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों को खेलों के महत्व, नियमित अभ्यास, अनुशासन एवं खेल भावना के प्रति जागरूक किया गया। आयोजकों ने खिलाड़ियों को खेलों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में खेल प्रशिक्षक सुश्री वंदना उमठ, श्री तुषार राठौड़, व्यायाम शिक्षक श्री मुकेश गवली, खेल युवा समन्वयक श्री रेम सिंह चौहान तथा मल्लखंब प्रशिक्षक श्री शिवांश कौशल सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे। |