रतलाम। तृतीय वेतनमान से जुड़ी विसंगतियों एवं कर्मचारियों के लंबित प्रकरणों के निराकरण को लेकर मध्य प्रदेश शासकीय कर्मचारी संगठन/तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने अनुसूचित जनजाति कार्य विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। संगठन के प्रतिनिधियों ने सहायक आयुक्त, अनुसूचित जनजाति कार्य विभाग रतलाम के कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया।
सहायक आयुक्त के टीएल (समय-सीमा) बैठक में व्यस्त होने के कारण संगठन के प्रतिनिधियों ने सहायक संचालक प्रीति जैन से मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने तृतीय वेतनमान से संबंधित प्रकरणों, उनमें आ रही विसंगतियों तथा कर्मचारियों को होने वाली परेशानियों की विस्तृत जानकारी देते हुए समय-सीमा में निराकरण की मांग रखी। इस पर सहायक संचालक प्रीति जैन ने आश्वस्त किया कि संकुल केंद्रों से आवश्यक जानकारी समय पर प्राप्त होते ही प्रकरणों का नियमानुसार एवं समय-सीमा में निराकरण किया जाएगा।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हितों का समय पर मिले लाभ
संगठन ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित स्वत्वों के निराकरण को भी गंभीरता से उठाया। संघ की मांग है कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर समय पर पीपीओ जारी किया जाए, ताकि उन्हें सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ), अर्जित अवकाश, जीआईएस, पेंशन, ग्रेच्युटी सहित अन्य स्वत्वों का लाभ समय पर मिल सके।
संगठन ने बताया कि जीपीएफ राशि के भुगतान, बीमा तथा अर्जित अवकाश से संबंधित कुछ प्रकरण जिला स्तर पर भी लंबित हैं। इन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए संगठन द्वारा जिलाधीश रतलाम को भी पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
संकुल प्राचार्यों को पत्र, समय-सीमा में जानकारी भेजने का आग्रह
कर्मचारी संघ ने सभी संकुल प्राचार्यों को पत्र जारी कर आग्रह किया है कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सेवा अभिलेख एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजी कार्यवाही, जो संकुल स्तर से पूर्ण की जानी है, उसे समय-सीमा में पूरा कर वरिष्ठ कार्यालय को भेजा जाए। संगठन का कहना है कि संकुल स्तर पर दस्तावेज एवं जानकारी लंबित रहने से कर्मचारियों के अंतिम भुगतान एवं पेंशन संबंधी प्रकरणों में अनावश्यक विलंब होता है।
संघ ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों ने वर्षों तक शासकीय सेवा की है, ऐसे में सेवानिवृत्ति के बाद उनके वैधानिक स्वत्वों के लिए उन्हें कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। संगठन शीघ्र ही जिलाधीश रतलाम से भेंट कर लंबित प्रकरणों की जानकारी प्रस्तुत करेगा और सभी मामलों के समयबद्ध निराकरण की मांग करेगा।
इस अवसर पर संगठन के जिला अध्यक्ष बृजलाल बोरिया, संरक्षक तेजपाल सिंह राणावत, बसंतीलाल मईड़ा, मिथिलेश मिश्रा, दिनेश शर्मा, नटवरलाल मईड़ा, भंवरलाल देवड़ा, कन्हैयालाल किहोरी, नानूराम देवड़ा, वीर सिंह, छगनलाल मईड़ा, नागूलाल निनामा, अशोक जोकचंद, लक्ष्मण गुजराती, भेरूलाल मुनिया, भेरूलाल गुजराती एवं रामलाल भाभर सहित संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत