|
आगर मालवा : जिले में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना के मार्गदर्शन में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का शुभारंभ किया गया। इस वर्ष पोषण माह की मुख्य थीम "हमारी आंगनवाड़ी हमारी जिम्मेदारी" है, इसके आंगनवाड़ी केन्द्रों के माध्यम से पोषण, देखभाल एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था विकास संबंधी सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया। राष्ट्रीय स्तर पर पोषण माह-2026 का शुभारंभ Rudraksh Convention Centre, वाराणसी, उत्तर प्रदेश में किया गया, जिसका जिले में लाइव वेबकास्ट के माध्यम से सजीव प्रसारण दिखाया गया। इस अवसर पर जिले के समस्त अधिकारी, कर्मचारी, पर्यवेक्षक एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित थे। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजीव गुप्ता ने पोषण माह के उद्देश्यों तथा जिले में इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर विचार व्यक्त किए। उल्लेखनीय है कि 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनवाड़ी केन्द्रों पर ताजा एवं विविधतापूर्ण गर्म पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास हेतु पोषण एवं प्रारंभिक विकास संबंधी गतिविधियाँ तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य हेतु सहायता जैसे पाँच प्रमुख विषयों पर माह भर विशेष गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। जिले में आगामी दिनों में आंगनवाड़ी एवं परियोजना स्तर पर पोषण रैली, दीवार लेखन, पोषण मेला, स्वस्थ बच्चा स्पर्धा सहित विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, जिनमें जनप्रतिनिधियों, पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों एवं समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। |