|
सेवा संकल्प अभियान.....कहानी बदलाव की आगर-मालवा : यह कहानी है आगर मालवा जिले के ग्राम आवर के युवा पशुपालक विकास राठौर की, जिनके जीवन में एक हादसे ने बदलाव की नई राह दिखाई। विकास मध्यम वर्गीय कृषक हैं। खेती के साथ पशुपालन ही उनकी आजीविका का मुख्य आधार है। करीब एक साल पहले उनकी एक भैंस की आकस्मिक मृत्यु हो गई थी, लगभग एक लाख रुपये का नुकसान। इस हादसे ने उन्हें तोड़ दिया। तभी उनकी मुलाकात विकासखण्ड पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंकित जैन से हुई। डॉ. जैन ने उन्हें राष्ट्रीय पशुधन बीमा योजना के बारे में बताया, जिसमें भैंस पर 1 लाख और गाय पर 50 हजार तक का बीमा, वो भी मात्र 3.72% प्रीमियम के 15% अंशदान पर मिलता है। विकास ने तुरंत अपने 7 पशुओं का बीमा करवा लिया और फिर आया असली इम्तहान, बीमा के महज 2 महीने बाद ही उनकी एक गाय की अचानक मृत्यु हो गई। पुराना डर फिर लौट आया, लेकिन इस बार वे अकेले नहीं थे। उन्होंने तुरंत बीमा कंपनी और पशु चिकित्सा विभाग को सूचना दी। विभाग ने पोस्टमॉर्टम कर दावा फॉर्म भिजवाया। 5 महीने बाद जब उनके खाते में 50 हजार रुपये का पशु बीमा क्लेम आया, तो विकास को आर्थिक संबल मिला। विकास कहते हैं -"पहले जब भैंस मरी तो कोई सहारा नहीं था, इस बार गाय मरी तो सरकार मेरे साथ खड़ी थी। मुझे आर्थिक नुकसान नहीं हुआ। यह योजना मेरे जैसे हर पशुपालक के लिए वरदान है।" आज विकास जिले के अन्य पशुपालकों को अपने पशुधन का बीमा करवाने के लिए के लिए प्रेरित कर रहे हैं। एक हादसा जो सबक बना, और एक योजना जो संबल बनी - यही है असली बदलाव की कहानी। हितग्राही - विकास राठौर पिता नारायण राठौर, ग्राम आवर, जिला आगर वर्ष- 2025-26 योजना राष्ट्रीय पशुधन बीमा योजना। |