|
हाईवे और प्रमुख मार्गों पर मानकों के अनुरूप संकेतक लगाए जाएं जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न आगर-मालवा : कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, आगर में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्यगण उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर डॉ. मीना ने सभी सड़क निर्माण विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के प्रमुख हाईवे और मुख्य मार्गों पर सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक संकेतक (साइनेज), रम्बल स्ट्रिप, ब्लिंकर आदि लगवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) को चिन्हित कर वहां विशेष सुरक्षा उपाय किए जाएं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मुख्य मार्गों पर स्थित शालाओं के बाहर सड़क पर यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप संकेतक तथा गति सीमा से संबंधित सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी एवं यातायात विभाग को निर्देशित किया कि विद्यालयों में यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को जागरूक किया जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। |