|
मनासा : बाल अधिकार सप्ताह 2026 के अंतर्गत मेरा दिन, मेरा अधिकार, मेरा भविष्य थीम पर बाल अधिकारों के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं बाल लैंगिक शोषण की रोकथाम के उद्देश्य से जन साहस डेवलपमेंट सोसायटी द्वारा एसबीआई फाउंडेशन एवं एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के सहयोग से दिनाँक 14 नवंबर 2026 से विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का निरंतर आयोजन किया गया व दिनाँक 22 नवंबर 2026 को उक्त जागरूकता सप्ताह का सफलतापूर्वक समापन किया गया! उक्त जागरूकता अभियान अंतर्गत विद्यालयों, छात्रवासों व ग्राम स्तर पर बच्चों के सर्वोत्तम हित व बाल अपराधों की रोकथाम हेतु विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया! उक्त जागरूकता सप्ताह के दौरान बच्चों के मध्य बाल अधिकार से संबंधित विभिन्न विषयों पर चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में 8 से 14 वर्ष की आयु के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने बाल अधिकारों एवं बालकों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम से संबंधित विषयों पर चित्र बनाए तथा निबंध लेखन कर अपने विचार व्यक्त किए व संस्था द्वारा विजेता बच्चों को पुरुस्कृत किया गया! संस्था की टीम द्वारा बच्चों को बाल सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर बहुत ही सरल भाषा में जानकारी दी गई। इसमें बाल श्रम, बाल अधिकार, बाल विवाह, साइबर सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श, बाल लैंगिक शोषण की रोकथाम तथा पॉक्सो (POCSO) अधिनियम, 2012 के प्रमुख प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया गया। सत्र के दौरान बच्चों को लैंगिक अपराधों से बचाव हेतु आवश्यक उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति या बाल सुरक्षा से संबंधित समस्या की सूचना देने के लिए पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में बताया गया। बच्चों को समझाया गया कि इन हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से मुसीबत के समय सहायता प्राप्त की जा सकती है तथा सूचना देने वाले की पहचान भी गोपनीय रखी जाती है। उक्त सप्ताह के अंतर्गत कार्यक्रम में भागीदारी करने वाले बच्चों, युवाओं व अन्य प्रतिभागियों को शिक्षण सामग्री वितरित की गई तथा उपस्थित समस्त प्रतिभागियों को बाल सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर जन साहस संस्था की ओर से जिला समन्वयक जितेन्द्र कुमार सुनार्तिया, परामर्शदाता अनिता दुर्गज, आशुतोष कछावा एवं संगीता माली उपस्थित रहे। |