|
लदुना। मंदसौर जिले के सीतामऊ जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम लदुना में तालाब किनारे स्थित प्राचीन श्री रत्नागढ़ बालाजी सरकार मंदिर परिसर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान के साथ भगवान श्रीराम, माता सीता और पवनपुत्र हनुमान की पूजा-अर्चना से किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने मधुर भजनों और वाद्य यंत्रों की सुरमयी धुनों के साथ संगीतमय सुंदरकांड पाठ किया, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय बन गया। सुंदरकांड पाठ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी भक्तों ने श्रद्धा और भक्ति भाव से पाठ का श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम का समापन हनुमान जी की आरती के साथ हुआ, जिसके पश्चात उपस्थित भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर सुंदरकांड समिति के सदस्य एवं ग्राम के अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। रिपोर्ट: अंबालाल मकवाना |