|
नीमच। जिले में पशुओं के लिए चारा-भूसा की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिला कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर जिले से बाहर पशु चारा निर्यात पर लगाए गए प्रतिबंध के तहत कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने राजस्थान ले जाई जा रही एक ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त किया है। एसडीएम सुश्री प्रीति संघवी के निर्देशन में जावद तहसीलदार श्री नवीन गर्ग ने कार्रवाई करते हुए मैलान खेड़ा से राजस्थान के बडोली घाटा की ओर अवैध रूप से पशु चारा भूसा ले जाते हुए एक ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़ा। जांच में पाया गया कि बिना अनुमति पशुचारे का परिवहन किया जा रहा था, जिस पर प्रशासन ने वाहन को जब्त कर प्रकरण दर्ज किया है। तहसीलदार श्री नवीन गर्ग ने बताया कि नयागांव टोल नाके पर पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्राली को फिलहाल पुलिस चौकी नयागांव की अभिरक्षा में रखा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले से बाहर पशु चारा ले जाने पर प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। |