रतलाम / जावरा
जावरा अरनिया पिथा कृषि उपज मंडी में व्यापारी के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। 18 अप्रैल को हम्माली दर बढ़ाने को लेकर हुए विवाद में हम्माल जाहिद मेवाती द्वारा वरिष्ठ व्यापारी पवन पाटनी के साथ मारपीट की गई थी। इस गंभीर मामले में औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
घटना से आक्रोशित मंडी व्यापारी संगठन ने कड़ा रुख अपनाते हुए मंगलवार 21 अप्रैल को मंडी बंद रखने का ऐलान किया है। व्यापारियों ने स्पष्ट कहा है कि यह बंद उनके साथी के साथ हुई मारपीट के विरोध में है और जब तक मंडी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं होती, तब तक वे शांत नहीं बैठेंगे।
सोमवार देर शाम एसडीएम सुनील जायसवाल, तहसीलदार सहदेव मोरे, थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान और मंडी सचिव आर. वसुनिया ने व्यापारियों के साथ बैठक कर मंडी चालू रखने की अपील की, लेकिन व्यापारी अपने निर्णय पर अडिग रहे। व्यापारी संगठन के अध्यक्ष विनोद दख के नेतृत्व में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि मंगलवार को एक दिन के लिए पूरी तरह से मंडी बंद रखी जाएगी।
व्यापारियों का कहना है कि बंद के दौरान किसी भी प्रकार की खरीदी-बिक्री नहीं होगी, चाहे मंडी में माल की आवक क्यों न हो। साथ ही व्यापारी प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर सख्त रोक लगाने की मांग भी करेंगे।
मंडी बंद के इस फैसले से प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है, वहीं अब सभी की नजरें बुधवार पर टिकी हैं, जब मंडी के दोबारा सुचारू होने की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्टर - जितेंद्र कुमावत