रतलाम
रतलाम में पटवारी रविशंकर खराड़ी आत्महत्या मामला हर घंटे नए मोड़ ले रहा है। ताजा अपडेट के अनुसार, मृतक का पोस्टमार्टम पूरा हो चुका है और परिजन पार्थिव शरीर को लेकर अंतिम संस्कार के लिए राजस्थान के कंधवानी गांव के लिए रवाना हो गए हैं। इस दौरान माहौल बेहद गमगीन और आक्रोश से भरा हुआ नजर आया।
धरना स्थल पर चल रहा विरोध प्रदर्शन फिलहाल जारी है, जहां पटवारी संघ, आदिवासी नेता और समाजजन अब भी न्याय की मांग को लेकर डटे हुए हैं। जिला पटवारी संघ अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पाटीदार, जिला सचिव दीपक राठौड़, सहसंरक्षक ध्रुवलाल निनामा सहित बड़ी संख्या में पटवारी मौजूद हैं। उनके साथ सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार, जनपद उपाध्यक्ष केशु निनामा, करणी सेना प्रदेश अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर और जनपद प्रतिनिधि चंदू मईड़ा भी लगातार मोर्चा संभाले हुए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने पहले ही पुलिस और प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम दे रखा है। औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच का आश्वासन देते हुए समय मांगा था। इस पर विधायक डोडियार ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा—“7 दिन आपके हैं, आठवां दिन मेरा होगा,” जिससे आंदोलन के और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
हालांकि प्रशासन ने नायब तहसीलदार सविता राठौर को निलंबित कर शुरुआती कार्रवाई जरूर की है, लेकिन परिजन और पटवारी संघ इससे संतुष्ट नहीं हैं। उनकी मुख्य मांग अब भी एफआईआर दर्ज करने और एसआईटी गठित कर निष्पक्ष जांच कराने की है।
अब सभी की नजर आगामी दिनों पर टिकी हुई है। एक ओर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, वहीं दूसरी ओर न्याय की लड़ाई और आंदोलन का स्वर और तेज होता दिख रहा है। यह मामला अब प्रशासन और जनता के बीच सीधी परीक्षा बनता जा रहा है।
रिपोर्टर - जितेंद्र कुमावत