|
|
नीमच/सिंगोली : प्रदेश में चल रहे नशा विरोधी अभियान के तहत सिंगोली पुलिस ने एक चौंकाने वाली कार्रवाई करते हुए हीरो कंपनी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से 120 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान तस्कर पुलिस नाकाबंदी देखकर बाइक छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों में फरार हो गया। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक श्री अंकित जायसवाल के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नवलसिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी जावद श्री रोहित राठौर के मार्गदर्शन में थाना सिंगोली प्रभारी निरीक्षक श्री जितेंद्र कुमार वर्मा की टीम ने यह बड़ी सफलता हासिल की। नाकाबंदी के दौरान रुघनाथपुरा फंटा पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान नीमच की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल पर पीछे बंधे कट्टों में संदिग्ध सामान दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही चालक करीब 100 फीट पहले बाइक छोड़कर खेतों में भाग निकला। पुलिस ने मौके पर तलाशी ली, जिसमें कट्टों के अंदर 120 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। साथ ही बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया। जब्त संपत्ति: 120 किलोग्राम डोडाचूरा (अनुमानित कीमत 18 लाख रुपये) हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये) फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी श्री जितेंद्र कुमार वर्मा और उनकी टीम की भूमिका सराहनीय रही। |