मंदसौर। प्यार की कोई उम्र नहीं होती, लेकिन जब भावनाएं समझदारी पर भारी पड़ जाएं तो रिश्तों की नींव तक हिल जाती है। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला भानपुरा क्षेत्र में सामने आया है, जहां प्रेम-प्रसंग में पड़े एक नाबालिग बेटे ने अपनी ही मां के लाखों रुपये के जेवर चोरी कर लिए।
जानकारी के अनुसार, नाबालिग युवक अपनी प्रेमिका को खुश करने और उसके साथ भविष्य के सपने पूरे करने के लिए लगातार पैसों की व्यवस्था करने में जुटा था। इसी दौरान उसने घर में रखे मां के कीमती सोने-चांदी के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। परिवार को जब जेवर गायब होने का पता चला तो घर में हड़कंप मच गया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम बाबुल्दा निवासी 17 वर्षीय किशोर अपनी माता के इलाज हेतु एम्स दिल्ली गया था, लेकिन वहां से अचानक लापता हो गया। परिजनों ने दिल्ली में गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी बीच घर से कीमती आभूषण गायब होने की सूचना मिलने पर मामला और गंभीर हो गया। थाना भानपुरा पुलिस ने तुरंत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, तकनीकी साक्ष्य, संदिग्ध संपर्कों और स्थानीय पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई, तो कहानी में प्रेम प्रसंग और सुनियोजित षड्यंत्र की परतें खुलती चली गईं। पूछताछ में सामने आया कि किशोर ने घर से निकलने से पहले अपनी मां की आलमारी से सोने-चांदी के आभूषण निकालकर अपनी परिचित युवती को सौंप दिए थे।
भानपुरा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवती के कब्जे से लगभग 20 लाख रुपये मूल्य की ज्वेलरी बरामद की, जिसमें सोने की चूड़ियां, मंगलसूत्र, अंगूठियां, चैन, कानों के टॉप्स, चांदी की पायजेब और बिछिया शामिल हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक प्रेम-प्रसंग में इस कदर डूब चुका था कि उसे अपने परिवार की प्रतिष्ठा और मां की मेहनत का भी ख्याल नहीं रहा। घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि कम उम्र में बच्चों की मानसिक स्थिति, सोशल मीडिया का प्रभाव और रिश्तों को लेकर बढ़ती अपरिपक्वता समाज के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।