रतलाम....
जिले में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी एवं जिला किसान कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए कलेक्टर कार्यालय पर बड़ा विरोध दर्ज कराया। पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) हर्ष विजय गहलोत तथा जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष राजेश भरावा कुमावत के नेतृत्व में सैकड़ों किसान और कांग्रेस पदाधिकारी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान किसान नेता राजेश पुरोहित विरोध जताने के लिए जमीन पर लुढ़कते हुए कलेक्टर कार्यालय के मुख्य द्वार तक पहुंचे, जिसने पूरे प्रदर्शन को चर्चा का विषय बना दिया।
जिला किसान कांग्रेस द्वारा जिलाधिकारी के नाम सौंपे गए ज्ञापन में किसानों की कई गंभीर समस्याएं उठाई गईं। नेताओं ने कहा कि जिले के गेहूं उपार्जन केंद्रों पर किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, फसल तौल और बिक्री में अव्यवस्थाओं से किसान परेशान हैं। साथ ही बिरमावल और रिंगनोद की बंद पड़ी उपमंडियों को तत्काल चालू करने की मांग रखी गई, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर-दराज न जाना पड़े।
ज्ञापन में खाद वितरण की e-token प्रणाली को किसानों के लिए बड़ी परेशानी बताते हुए शासन स्तर पर इसमें तत्काल सुधार की मांग की गई। कई किसानों की फार्मर आईडी नहीं बनने के कारण वे खाद का टोकन बुक नहीं कर पा रहे हैं, जिससे खेती कार्य प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा कृषि मंडियों में आए दिन हो रहे विवादों को लेकर भी प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने किसानों के मुद्दों के साथ NEET पेपर लीक मामले को भी उठाया और कहा कि लाखों छात्र-छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़ हुआ है। मामले की CBI जांच कर दोषियों को जेल भेजने की मांग की गई। वहीं उज्जैन के किसान नेता अशोक जाट पर की गई जिला बदर कार्रवाई को राजनीतिक द्वेष बताते हुए उसे तत्काल निरस्त करने की मांग भी की गई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि ज्ञापन देने के बाद प्रशासन ने किसानों को कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया। इससे नाराज किसानों ने प्रशासन की तुलना “भीगी बिल्ली” से करते हुए तीखी नाराजगी जताई। ज्ञापन के बाद कलेक्टर कार्यालय परिसर के बाहर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला दहन किया गया और सरकार विरोधी नारे लगाए गए।
प्रदर्शन में पूर्व मंडी अध्यक्ष दिनेश शर्मा, मोहित जाट, ब्लॉक किसान कांग्रेस अध्यक्ष अमृत मालवीय, किशन सिंगर, बापू सिंह डोडियार, रमेश डिंडोर, मनोहर सिंह कोटड़ी, अजय जाट, साविता भाभर, थावरलाल पाटीदार (मांगरोल), मनोहरलाल शर्मा, कैलाश शाह, पप्पू पटेल, गोपाल मालवीय, आशीष शर्मा, कैलाश मालवीय, लालू निनामा सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन ने जिले की राजनीति और किसान मुद्दों को एक बार फिर गरमा दिया
रिपोर्टर जितेंद्र कुमावत