रतलाम
रतलाम जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने हेतु पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन” के अंतर्गत थाना स्टेशन रोड पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। जिले में लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के त्वरित निराकरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने कुख्यात कड़ियां सांसी गिरोह के 07 वर्षों से फरार चल रहे 05 इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से चोरी गए लगभग ₹6 लाख 50 हजार मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार थाना स्टेशन रोड रतलाम पर वर्ष 2019 में अपराध क्रमांक 164/2019 धारा 379, 380 एवं 457 भारतीय दंड संहिता के तहत चोरी का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था। घटना के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहे थे तथा पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार एवं प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक श्री अजय सारवान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी स्टेशन रोड निरीक्षक जितेंद्र पाल सिंह जादौन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने लगातार मुखबिर सूचना, तकनीकी विश्लेषण एवं साइबर इनपुट के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी। लंबे समय तक की गई पतारसी और योजनाबद्ध कार्रवाई के बाद पुलिस ने गिरोह के पांचों आरोपियों को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपीगण—
मोहरसिंह पिता नन्दनसिंह सासी, उम्र 46 वर्ष, निवासी ग्राम कड़िया थाना बोडा जिला राजगढ़
बबलु उर्फ बब्बु पिता सुमेरसिंह सासी, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम गुलखेड़ी थाना बोडा जिला राजगढ़
कृष्णाबाई पति वीरु सासी, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम कड़िया थाना बोडा जिला राजगढ़
कोहिनूर पिता मोहरसिंह, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम कड़िया थाना बोडा जिला राजगढ़
मिनाक्षी पति बबलू उर्फ बब्बू, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम गुलखेड़ी थाना बोडा जिला राजगढ़
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए सोना-चांदी के आभूषण बरामद किए, जिनमें एक जोड़ी सोने की हाथ की पाटली, एक जोड़ी सोने के कान के टाप्स, दो सोने के नाक के कांटे, एक सोने की माथरिया, एक सोने की नथनी एवं एक जोड़ी चांदी की पायजेब शामिल है। बरामद मश्रुका की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹6,50,000/- बताई गई है।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र पाल सिंह जादौन, उपनिरीक्षक मुकेश सस्तिया, जगदीश यादव, सउनि. प्रदीप शर्मा, मांगीलाल भाटी, प्रधान आरक्षक दिनेश जाट, हेमंत परमार, महिला आरक्षक सीमा दायमा, आरक्षक जितेंद्र चौधरी, प्रेमसिंह एवं साइबर सेल टीम की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही।
रतलाम पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से जिले में सक्रिय अपराधियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा तथा “ऑपरेशन क्लीन” के तहत ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Crime रिपोर्टर : Jitendra Kumawat