|
|
बाल संरक्षण आयोग अध्यक्ष डॉ. नवोदित शर्मा ने नीमच में की समीक्षा, बच्चों के पुनर्वास और स्वरोजगार प्रशिक्षण पर दिया जोर नीमच । डॉ. नवोदित शर्मा ने अपने नीमच प्रवास के दौरान जिला अधिकारियों एवं बाल संरक्षण संस्थाओं की संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर बाल कल्याण और संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों की गहन समीक्षा की। बैठक में आयोग सदस्य सुश्री सोनम निनामा भी उपस्थित रहीं। डाक बंगला नीमच में आयोजित बैठक में आयोग अध्यक्ष ने जेजे बोर्ड एवं बाल कल्याण समिति में दर्ज, निराकृत तथा लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी मामलों का विधि अनुसार त्वरित निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि बाल हित संरक्षण और बाल कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा सभी संबंधित अधिकारी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। बैठक में चाइल्ड हेल्पलाइन, शिशु गृह एवं बाल आश्रय गृहों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। डॉ. शर्मा ने बच्चों को लीगल फ्री कराने की प्रक्रिया, उनके पुनर्वास तथा स्वरोजगार उन्मुख प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संस्थाओं में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता बनाए रखने और आवश्यक संसाधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रारंभ में जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या ने वन स्टॉप सेंटर, बाल कल्याण समिति, चाइल्ड हेल्पलाइन, शिशु गृह, बाल आश्रय गृह किलकारी एवं जिले में संचालित विभिन्न बाल कल्याण योजनाओं की प्रगति से आयोग को अवगत कराया। बैठक में विदिशा पाटीदार, मीनू लालवानी, उषा गुप्ता, प्रवीण शर्मा, कमलेश बैस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बाल संरक्षण संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। |