|
|
नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा शहर के सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के तहत लायंस पार्क के पीछे स्थित चौक रोड पर 11 लाख रुपये की लागत से कराए जा रहे सीमेंट कंक्रीट निर्माण कार्य ने क्षेत्र की सुंदरता में उल्लेखनीय वृद्धि की है। मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया तथा दिखाई देने वाली कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश संबंधित ठेकेदार एवं नगर पालिका इंजीनियर को दिए। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती चोपड़ा ने बताया कि लायंस पार्क क्षेत्र शहरवासियों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र है, जहां चाट, पकौड़ी, पानी-पतासे सहित विभिन्न खानपान के ठेले लगते हैं और बड़ी संख्या में नागरिक परिवार सहित यहां पहुंचते हैं। यह क्षेत्र शहर के मुख्य मार्ग से जुड़ा होने के साथ-साथ वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या से भी प्रभावित रहता था। इन समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को ध्यान में रखते हुए यहां 40 मीटर लंबा एवं 15 मीटर चौड़ा सीमेंट कंक्रीट निर्माण कार्य कराया गया है। लगभग 11 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस कार्य से क्षेत्र अब अधिक स्वच्छ, व्यवस्थित और आकर्षक दिखाई देने लगा है। श्रीमती चोपड़ा ने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य नीमच शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाना है। इसी दिशा में शहर में चौड़ी एवं बेहतर सड़कों का निर्माण, उद्यानों का कायाकल्प, आकर्षक पेंटिंग तथा अन्य विकास कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सभी अपना सहयोग दें। घरों और संस्थानों का कचरा डस्टबिन में एकत्रित कर कचरा वाहन में ही डालें। साथ ही होटल, हलवाई एवं अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा ग्राहकों को भी पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने और कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए प्रेरित करें। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष प्रतिनिधि श्री गजवीर सिंह परमाल, नगर पालिका इंजीनियर श्री पार्थ पंचोली, श्री अर्जुन राठौर एवं संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे। |