|
|
अनुसूचित जाति आयोग सदस्य ने नीमच में की योजनाओं की समीक्षा, लंबित छात्रवृत्ति भुगतान और शिकायतों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश नीमच। मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य श्री रामलाल मालवीय ने जिले के सभी अनुसूचित जाति छात्रावासों में शतप्रतिशत सीटों पर विद्यार्थियों का प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को सर्किट हाउस नीमच में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में उन्होंने छात्रावासों की रिक्त सीटों, छात्रवृत्ति, अत्याचार निवारण अधिनियम के प्रकरणों तथा आयोग में लंबित शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की। श्री मालवीय ने अधिकारियों से कहा कि विद्यालयों और घर-घर संपर्क अभियान चलाकर छात्रावासों की सभी सीटों पर विद्यार्थियों का प्रवेश कराया जाए। उन्होंने आधार लिंकिंग अथवा अपडेटेशन के कारण लंबित छात्रवृत्ति प्रकरणों का त्वरित भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जानकारी दी गई कि वर्ष 2026 में अनुसूचित जाति अत्याचार निवारण राहत योजना के तहत 87 प्रकरणों में 56.21 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है तथा कोई भी प्रकरण लंबित नहीं है। वहीं सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना के तहत 10 प्रकरणों में 2.70 लाख रुपये तथा अंतरजातीय विवाह योजना के तहत 17 प्रकरणों में प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की गई है। आयोग सदस्य ने लंबित शिकायतों की एक-एक कर समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रतिवेदन शीघ्र भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने बड़वाह निवासी आशाराम वर्मा की शिकायत की जांच एक माह में पूर्ण कर आयोग को रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा आयोग से संबंधित सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समय सीमा में करने के निर्देश दिए। |