|
|
नीमच। जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों को कम करने के लिए नीमच पुलिस ने एक अभिनव पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में चलाए जा रहे जीवन संजीवनी अभियान के तहत गुरुवार को नीमच सिटी थाना क्षेत्र के दुर्घटना संभावित हॉटस्पॉट ग्राम जवासा-भादवा माता चौराहे पर सीपीआर (CPR) एवं प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले में सड़क हादसों के आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं। वर्ष 2023 में 359 सड़क दुर्घटनाओं में 101 लोगों की जान गई, जबकि वर्ष 2024 में 368 दुर्घटनाओं में 120 लोगों की मौत हुई। वहीं वर्ष 2025 में 321 दुर्घटनाओं में 117 लोगों ने अपनी जान गंवाई। इन आंकड़ों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने स्वयं गहन मंथन कर दुर्घटनाओं के कारणों और उनके समाधान पर कार्ययोजना तैयार की। इस दिशा में नगर पुलिस अधीक्षक, जावद एवं मनासा के एसडीओपी, यातायात थाना प्रभारी, ई-डीएआर तकनीकी टीम एवं डीएमआर संचालक के साथ कई बैठकों का आयोजन किया गया। तकनीकी और भौतिक निरीक्षण के आधार पर जिले के 22 ऐसे स्थलों की पहचान की गई, जहां सड़क दुर्घटनाओं की संभावना सबसे अधिक रहती है। निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक ने निर्णय लिया कि दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिलेभर में जीवन संजीवनी अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक चिन्हित हॉटस्पॉट के आसपास रहने वाले 50-50 नागरिकों को डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम द्वारा सीपीआर एवं प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि दुर्घटना होने पर घायल को तुरंत जीवनरक्षक सहायता मिल सके और उसकी जान बचाई जा सके। अभियान को आधुनिक तकनीक से भी जोड़ा गया है। एक विशेष क्यूआर कोड के माध्यम से कोई भी नागरिक गूगल पर स्कैन कर सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद कर सड़क सुरक्षा मित्र बन सकेगा। गूगल फॉर्म के जरिए वह अपने सहयोग की जानकारी दर्ज करेगा और जिले में सड़क सुरक्षा मित्र के रूप में पहचान प्राप्त करेगा। गुरुवार को आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. सतीश चौधरी एवं नर्सिंग ऑफिसर जाहिद अली ने उपस्थित लोगों को दुर्घटना की स्थिति में घायल व्यक्ति को सीपीआर देने और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने का लाइव प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री किरण चौहान, थाना नीमच सिटी प्रभारी उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह, यातायात थाना प्रभारी सुबेदार सोनू बड़गुजर, डीएमआर पुष्पेंद्र कारपेंटर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पुलिस की अपील नीमच पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे जीवन संजीवनी अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग करें। सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों को कम करने के लिए पुलिस को जनसहयोग की आवश्यकता है। नागरिक इस अभियान से जुड़कर घायल व्यक्तियों की मदद करें और सड़क सुरक्षा मित्र बनकर मानव जीवन बचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। |