|
|
मंदसौर। जिले के अफजलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रठाना स्थित प्रसिद्ध बालाजी मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों ने मंदिर के चैनल गेट को लोहे के कटर से काटकर दानपेटी में रखी नकदी पर हाथ साफ किया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई नगदी, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा गेट काटने में इस्तेमाल किया गया कटर भी जब्त कर लिया है। जानकारी के अनुसार 25 मई 2026 की रात अज्ञात बदमाशों ने ग्राम रठाना के बालाजी मंदिर को निशाना बनाया था। बदमाशों ने पहले मंदिर के चैनल गेट को काटा और फिर दानपेटी से नकदी चुराकर फरार हो गए। घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया था। मामले में अफजलपुर थाने में अपराध क्रमांक 134/2026 धारा 305(डी), 324(4), 331(4), के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय के नेतृत्व में दो विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से तकनीकी साक्ष्य जुटाए और क्षेत्र के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान पामाखेड़ा निवासी रोहित पुलिस के संदेह के घेरे में आया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने अपने अन्य साथियों के नाम उजागर कर दिए। इसके बाद पुलिस ने अनिल पिता भरतलाल 21 वर्ष रणजीत पिता कंवरलाल 25 वर्ष तथा पवन पिता भरतलाल 20 वर्ष निवासी गुराड़िया लाल मुहा थाना दलोदा को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 20 हजार रुपये की नकदी, वारदात में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल तथा मंदिर का गेट काटने में इस्तेमाल किया गया लोहे का कटर बरामद किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं यह गिरोह अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल तो नहीं रहा है। इस कार्रवाई को अफजलपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है! रिपोर्ट : कमलेश जी शर्मा |