|
|
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर महाविद्यालय में योग कार्यक्रम संपन्न नलखेड़ा : सरदार वल्लभभाई पटेल शासकीय महाविद्यालय, नलखेड़ा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं क्रीड़ा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में प्रातः 7:00 बजे योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी. एल. रावल के अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय के स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन एवं योग गतिविधियों का अभ्यास किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. रावल ने योग के महत्व एवं स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग व्यक्ति को निरोग, स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाए रखने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक सुदृढ़ता प्राप्त होती है, मानसिक तनाव कम होता है, थकान दूर होती है तथा कार्य के प्रति एकाग्रता एवं लगन में वृद्धि होती है। स्वस्थ जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है। योग गतिविधियों का संचालन क्रीड़ा अधिकारी डॉ. आशीष सांखला द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जगदीश प्रसाद कुल्मी ने सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। |