रतलाम। आदिवासी किसानों, ग्रामीणों और आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर भारत आदिवासी पार्टी द्वारा 24 जून को रतलाम में विशाल रैली एवं ज्ञापन प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार के नेतृत्व में आयोजित इस महा आंदोलन में जिलेभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, किसानों और ग्रामीणों के शामिल होने की संभावना है। रैली के पश्चात कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि आदिवासी अंचल के किसान और ग्रामीण लंबे समय से अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों और अधिकारियों द्वारा उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि खाद और बीज की खरीदी के दौरान अधिकारियों की मिलीभगत से आदिवासी किसानों के साथ लूट और ठगी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने वन विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों पर भी आदिवासी किसानों के साथ अमानवीय और दमनात्मक व्यवहार करने का आरोप लगाया। डोडियार का कहना है कि वन क्षेत्रों में रहने वाले किसानों को लगातार परेशान किया जा रहा है, जिससे उनमें भारी आक्रोश व्याप्त है।
विधायक ने कहा कि कई ग्रामीण क्षेत्रों में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता नहीं होने से आमजन, किसान और वाहन चालक परेशान हैं। वहीं गांवों की सड़कों की बदहाल स्थिति के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा है।
इन सभी मुद्दों को लेकर भारत आदिवासी पार्टी ने व्यापक जनआंदोलन का आह्वान किया है। 24 जून को सुबह 11 बजे जिलेभर से लोग रतलाम कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर रैली और प्रदर्शन करेंगे तथा समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे।
विधायक कमलेश्वर डोडियार ने जिले के किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की है। पार्टी का कहना है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत