|
|
नीमच। उदय विहार स्थित डेल्हीवरी कोरियर कंपनी के कार्यालय में हुई चाकूबाजी और डेढ़ लाख रुपये की सनसनीखेज लूट का पुलिस ने महज 36 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। विशेष पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए मुख्य सरगना सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक चाकू, एक मोटरसाइकिल और लूटी गई राशि में से 90,800 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के नेतृत्व में थाना नीमच कैंट, थाना जीरन, थाना नीमच सिटी और साइबर सेल की संयुक्त टीमों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। कर्मचारी पर चाकू से हमला कर लूटे थे डेढ़ लाख रुपये 23 जून 2026 की रात करीब 9:20 बजे डेल्हीवरी कोरियर कंपनी के कार्यालय में कर्मचारी सूरज नाथ अकेले काम कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार चार बदमाश कार्यालय में घुस आए। दो आरोपियों ने कर्मचारी की गर्दन पकड़कर चाकू अड़ा दिया, जबकि अन्य दो ने कैश काउंटर से नकदी लूटना शुरू कर दिया। विरोध करने पर एक आरोपी ने सूरज नाथ पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ और दोनों कंधों पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपी दिनभर का लगभग डेढ़ लाख रुपये का कलेक्शन लूटकर फरार हो गए। सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस पहुंची आरोपियों तक घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर चार विशेष टीमों का गठन किया। टीमों ने नीमच, मंदसौर, प्रतापगढ़ और चित्तौड़गढ़ क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों और टोल प्लाजा फुटेज का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस का शक कोरियर कंपनी के पूर्व कर्मचारी इस्लाम मोहम्मद पर गया, जिसे कुछ समय पहले नौकरी से निकाला गया था। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने इस्लाम मोहम्मद सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सभी ने लूट और चाकूबाजी की वारदात स्वीकार कर ली। अजमेर से दबोचा पांचवां आरोपी पूछताछ में सामने आया कि वारदात में शामिल आरोपी आसिफ मंसूरी अजमेर भाग गया है। पुलिस टीम तत्काल अजमेर रवाना हुई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे भी हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी - सोहेल मंसूरी (21), निवासी सीतामऊ फाटक, मंदसौर - असरफ कुरैशी (26), निवासी कचनारा, मंदसौर - जाहिद खान (22), निवासी कचनारा, मंदसौर - आसिफ मंसूरी (27), निवासी धमनार, हाल मुकाम दलौदा, मंदसौर - इस्लाम मोहम्मद (35), निवासी अंबेडकर कॉलोनी, नीमच बरामदगी पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक चाकू, एक मोटरसाइकिल तथा लूटी गई राशि में से 90,800 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नीमच कैंट निरीक्षक सौरभ शर्मा, उप निरीक्षक मंगलसिंह राठौर, उप निरीक्षक असलम पठान, साइबर सेल प्रभारी प्रदीप शिंदे सहित थाना एवं साइबर सेल के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। |