रतलाम / सैलाना। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड सैलाना एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जल गंगा संवर्धन अभियान-2026 का भव्य समापन कार्यक्रम ग्राम पंचायत कांगसी के ग्राम बद्धापूरा खुर्द में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संदेश देते हुए अमृत सरोवर का लोकार्पण किया गया तथा ग्रामीणों को जल संवर्धन की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विकासखंड समन्वयक रतनलाल चरपोटा ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा अभियान के तीन चरणों में किए गए कार्यों की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि जनसहभागिता से जल संरक्षण के प्रयास अधिक प्रभावी और स्थायी बनते हैं।
मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कैलाशी बाई चारेल ने कहा कि जल बचाना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और हर व्यक्ति को जल स्रोतों के संरक्षण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। जनपद पंचायत सैलाना की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रिया गेरा ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करते हुए जल संरक्षण को जनभागीदारी से सफल बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत कांगसी में आयोजित विशेष ग्राम सभा में सरपंच एवं सचिव ने विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण (VB-GRAM G) योजना की जानकारी ग्रामीणों को दी। वहीं मनरेगा योजना अंतर्गत निर्मित अमृत सरोवर तालाब का लोकार्पण जनपद अध्यक्ष श्रीमती कैलाशी बाई चारेल जनपद सदस्य प्रभुलाल भाभर एवं सुभाष भाभर द्वारा किया गया।
जल संरक्षण के तहत ग्रामीणों ने तालाब से गाद निकालकर उसे गहरा करने का श्रमदान किया ताकि आगामी मानसून में अधिक से अधिक वर्षा जल का संग्रह किया जा सके। एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत अमृत सरोवर परिसर में नीम शीशम एवं करंज के पौधे रोपे गए।
कार्यक्रम में मांगीलाल खराड़ी ने किसानों से संवाद करते हुए खरीफ फसल 2026 की तैयारियों फसल चक्र अपनाने तथा आधुनिक कृषि पद्धतियों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी।
इस अवसर पर जनपद सदस्य प्रभुलाल भाभर सुभाष भाभर ग्राम पंचायत सरपंच समरथ भाभर गांव पटेल राजू पटेल रमेश पटेल सहायक उपयंत्री संजीव कुमार रघुवंशी ग्राम पंचायत सचिव ईश्वरलाल शर्मा विकासखंड समन्वयक रतनलाल चरपोटा नवांकुर संस्था एकलव्य युवा जन उत्थान समिति के पदाधिकारी ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के सदस्य मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के छात्र विभागीय कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विकासखंड समन्वयक रतनलाल चरपोटा ने सभी उपस्थितजनों को जल संरक्षण एवं जल संवर्धन की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन विकासखंड समन्वयक द्वारा किया गया तथा आभार ग्राम पंचायत सरपंच समरथ भाभर ने व्यक्त किया। पूरे आयोजन में जल संरक्षण पर्यावरण संवर्धन और जनसहभागिता का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया।
रिपोर्टर : जीतेन्द्र कुमावत